गया में डिजिटल क्रॉप सर्वे का एक दिवसीय प्रशिक्षण, 30 सितंबर तक सर्वे पूरा करने का निर्देश

गया। बाजार समिति प्रांगण, चंदौती, गया में रविवार को डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेतों में लगी फसलों का वास्तविक आकलन कर डिजिटल माध्यम से आंकड़े संधारित करने की जानकारी दी गई। अधिकारियों को ग्राम स्तर पर सर्वे का कार्य अगले सप्ताह से शुरू करने तथा निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ ससमय पूरा किया जाए। किसानों द्वारा विभिन्न मौसम में खेतों में उगाई जाने वाली फसलों का वास्तविक आंकड़ा डिजिटल माध्यम से संग्रहित किया जाएगा। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रशिक्षण में बताया गया कि खेतों के डिजिटल सर्वेक्षण से आपदा, सुखाड़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान का वास्तविक आकलन करने में विभाग को सुविधा होगी। इसके आधार पर किसानों के हित में योजनाएं तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारियों के अनुसार खरीफ 2025 में 8,06,409 प्लॉट, रबी 2025-26 में 8,22,864 प्लॉट तथा गरमा 2026 में 1,01,282 प्लॉट का डिजिटल सर्वे कराया जा चुका है। गया जिले ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, सहायक निदेशक शस्य प्रक्षेत्र, सहायक निदेशक शस्य, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, सहायक निदेशक शस्य बीज विश्लेषण, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार एवं सभी प्रखंडों के कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए।