बिहार STET अभ्यर्थियों को बड़ा झटका! फिर बदली परीक्षा की तारीख, अब 22 नवंबर को होगा एग्जाम; 12 नवंबर से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

पटना। बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम को लेकर एक बार फिर बड़ा अपडेट सामने आया है। भाईदूज और चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर 11 नवंबर को घोषित सरकारी अवकाश के कारण बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने परीक्षा की निर्धारित तारीख में बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 11 नवंबर के बजाय 22 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 12 नवंबर से जारी किए जाएंगे।

परीक्षा की तारीख में बदलाव से हजारों अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा की रणनीति में बदलाव करना पड़ेगा। दरअसल, 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा और भाईदूज के अवसर पर राज्य सरकार ने सरकारी अवकाश घोषित किया है। इसी दिन STET परीक्षा भी प्रस्तावित थी। छुट्टी को देखते हुए परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।

12 नवंबर से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड

बोर्ड की ओर से जारी नए कार्यक्रम के अनुसार, बिहार STET 2026 के अभ्यर्थी 12 नवंबर से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट stetregistration.cbrt.co.in पर जाना होगा। वेबसाइट पर STET Admit Card 2026 के लिंक पर क्लिक कर लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट निकालना होगा।

एडमिट कार्ड में इन जानकारियों की करें जांच

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थी उसमें दर्ज अपना नाम, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट, परीक्षा केंद्र का पता और अन्य दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह जांच लें। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ सरकार द्वारा मान्य फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

पहले भी दो बार प्रभावित हो चुका है परीक्षा कार्यक्रम

बिहार STET 2026 की परीक्षा तिथि में बदलाव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया जा चुका है। 4 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा को केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) की भर्ती परीक्षाओं की तारीखों से टकराव के कारण स्थगित किया गया था। अब सरकारी अवकाश के चलते एक बार फिर परीक्षा की तारीख में बदलाव किया गया है।

लगातार बदल रहे परीक्षा कार्यक्रम के बीच अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नई तारीख के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखें और परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।