गया की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और कलाकारों को प्रोत्साहन देने पर जोर, डॉ. प्रेम कुमार ने की समीक्षा बैठक

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गयाजी जिला अतिथि गृह सभागार में कला एवं संस्कृति विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गया जिले की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण, स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देने, सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार तथा संग्रहालयों के आधुनिकीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया की धरती धार्मिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। यहां की प्राचीन धरोहरों, मंदिरों, ऐतिहासिक स्थलों और लोककलाओं का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों को उचित मंच, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

110 छात्र-छात्राओं ने लिया निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए आवेदन

सांस्कृतिक गतिविधियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि हरिदास सेमिनरी स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में शास्त्रीय गायन, भरतनाट्यम, कथक नृत्य और तबला, ढोलक एवं हारमोनियम वादन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए अब तक कुल 110 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें शास्त्रीय गायन के 19, वादन के 38, कथक के 40 और भरतनाट्यम के 13 आवेदन शामिल हैं। प्रशिक्षण को नियमित एवं प्रभावी बनाने के लिए दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कलाकार पंजीयन पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि गया जिले में अब तक 222 कलाकार पंजीकृत हो चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने 50 वर्ष से अधिक आयु के जरूरतमंद एवं पात्र कलाकारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया।

नौ ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण पर विशेष जोर।

पुरातत्व निदेशालय की समीक्षा के दौरान जिले के नौ राजकीय संरक्षित पुरातात्विक स्थलों एवं स्मारकों के नियमित निरीक्षण, मरम्मत और रखरखाव का निर्देश दिया गया। इनमें रामशिला पहाड़, प्रेतशिला पहाड़, ब्रह्मयोनि पहाड़, दुल्हिन मंदिर शेरघाटी, टेकारी किला, कर्मशली सुल्तानपुर दरगाह शेरघाटी, कोटेश्वर नाथ मंदिर, उत्खनित पुरास्थल ताराडीह बोधगया और विष्णुपद मंदिर शामिल हैं।

उन्होंने इन ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जिला स्तरीय बैठक आयोजित करने और पांच सदस्यीय समिति गठित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी विरासत को बचाने का महत्वपूर्ण कार्य है।

संग्रहालयों के आधुनिकीकरण और डिजिटलीकरण पर जोर।

संग्रहालय निदेशालय की समीक्षा के दौरान ज्ञान भारतम् मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण कराने, संग्रहालयों में आने वाले दर्शकों का नियमित रिकॉर्ड रखने, वार्षिक कैलेंडर तैयार करने और एक्सेशन रजिस्टर का पुनर्निर्माण कराने पर बल दिया गया। साथ ही संग्रहालयों के बेहतर प्रबंधन एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई गई।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित बनाने के लिए प्राचीन धरोहरों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण जरूरी है। इसके साथ ही कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं को हरसंभव सहयोग दिया जाना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि गया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहे और पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी नई पहचान मिल सके।बैठक में कला एवं संस्कृति जिला पदाधिकारी सुरभि बाला सहित शंभू सुमन, राजनंद प्रसाद गांधी, पप्पू कुमार, आशीष भारद्वाज, सागर सचदेवा, विवेक कुमार, श्री दयाल, रामलगन प्रसाद, मोहन राय शर्मा एवं धीरु जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।