
गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के मोरहे सड़क की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गई है। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क का निर्माण कार्य पहले कराया गया था। शुक्रवार को सड़क निर्माण एजेंसी के कर्मियों द्वारा सड़क किनारे घास की सफाई की गई, लेकिन सफाई के बाद कचरा सड़क पर ही छोड़ दिया गया। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छठ पर्व को लेकर जहां लोग अपने घरों और घाटों की साफ-सफाई में जुटे हैं, वहीं मोरहे सड़क पर कचरा छोड़ दिए जाने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की सूचना फतेहपुर के सभी संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों का सवाल है कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान सड़क की सफाई के बाद कचरा सड़क पर क्यों छोड़ दिया गया? सूचना दिए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई पहल क्यों नहीं की गई?
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं सड़क निर्माण एजेंसी से सड़क पर पड़े कचरे को जल्द हटाने और आवागमन को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि छठ व्रतियों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।












Leave a Reply