100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगने से देवगांव के ग्रामीणों में खुशी।

संवाददाता, खिजरसराय :- खिजरसराय प्रखंड क्षेत्र के देवगांव गांव में बिजली की समस्या से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। जदयू के जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा की पहल पर गांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर चालू कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर चालू होते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसके लिए जदयू जिला अध्यक्ष के प्रति आभार जताया है।

ग्रामीणों ने बताया कि देवगांव में पहले 65 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। कम क्षमता के कारण ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड रहता था, जिसके चलते वह बार-बार जल जाता था। इससे ग्रामीणों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता था।

ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग सहित कई स्तरों पर बड़े क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की मांग की थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता अनिरुद्ध कुमार ने ग्रामीणों की समस्या से जदयू जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा को अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अजय कुशवाहा ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद महज दो दिनों के भीतर देवगांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों को बिजली की समस्या से काफी राहत मिली है।

ग्रामीणों ने त्वरित पहल के लिए जदयू जिला अध्यक्ष अजय कुशवाहा और सामाजिक कार्यकर्ता अनिरुद्ध कुमार के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।