फतेहपुर-गया मुख्य सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल

रसूना मोड़ के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम फतेहपुर-गया मुख्य सड़क पर रसूना मोड़ के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन लोग फतेहपुर से गया की ओर जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार एक युवक गया से फतेहपुर आ रहा था। इसी दौरान रसूना मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। रसूना गांव के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को गया रेफर कर दिया गया।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घायल युवक फतेहपुर थाना क्षेत्र के गणेशीडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।