
गया जिले के कोंच प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व सरपंच उषा देवी के पुत्र अमर कांत का शव बेलागंज रेलवे लाइन के पास संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक की पहचान नेहोरा गांव निवासी अमर कांत के रूप में हुई है, जो अनिल कुमार के पुत्र बताए जाते हैं। सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने नेहोरा मोड़ के पास गया-गोह मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराने में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या और रेलवे दुर्घटना, दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।








Leave a Reply