डायन बताकर महिला की हत्या मामले में फतेहपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 48 घंटे में 10 आरोपी गिरफ्तार।

फतेहपुर थाना क्षेत्र में महिला को डायन बताकर की गई निर्मम हत्या मामले में फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के अंदर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि हत्या कांड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। गुप्त सूचना एवं तकनीकी जांच के आधार पर हत्या में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने साफ कहा कि अंधविश्वास के नाम पर हत्या करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कार्रवाई में एएसआई मनोज कुमार, एसआई अमरेंद्र कुमार, एसआई संदीप कुमार तथा एएसआई चंदन कुमार की टीम ने लगातार मेहनत कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप मांझी, विकास कुमार, पप्पू कुमार, अक्षय कुमार, रंजीत चौधरी पिता मनोज चौधरी, राजा कुमार, गोगला कुमारी, धोनी कुमार, दिलखुश कुमार एवं गुद्दा कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी फतेहपुर थाना क्षेत्र के नौ नगर गांव के रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि महिला की हत्या के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ था। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश था। वहीं पुलिस की तेज कार्रवाई के बाद इलाके में यह संदेश गया है कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।
फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।