सामाजिक कार्यक्रम में जा रहीं विधायक ज्योति देवी से नोकझोंक, 20 लोगों पर प्राथमिकी।

गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के गंभीरा गांव में रविवार को एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी के साथ वाहन साइड देने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि विधायक ने इसे जानलेवा हमला बताते हुए मोहनपुर थाना में सात नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार विधायक ज्योति देवी बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव में आदर्शी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक सवारी वाहन (BR02M-2542) सड़क के बीच खड़ा था, जिससे उनका काफिला रुक गया। बताया गया कि विधायक के अंगरक्षकों ने वाहन चालक और उसमें सवार लोगों से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विधायक द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उनके अंगरक्षकों के साथ मारपीट की। वहीं जब विधायक स्वयं वाहन से उतरीं तो उनके साथ भी गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। विधायक ने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए अपनी जान को खतरा होने की बात कही है।

इस मामले में विधायक ने पलटू यादव, सुनील यादव, दीपक यादव, सीता यादव, कारू मालाकार, राहुल मालाकार और विक्रम ठाकुर को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा 13 अन्य अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।

विधायक ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें और उनके सहयोगियों को सुरक्षित वहां से निकाला गया। उन्होंने घटना का वीडियो फुटेज होने का दावा करते हुए उसे पुलिस को सौंपने की बात कही है।
इधर मोहनपुर थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।