
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह :- स्थानीय थाना क्षेत्र के मंडई गांव में गुरुवार की दोपहर खेत की पटवन के लिए विद्युत मोटर चालू करने के दौरान करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान मंडई गांव निवासी स्वर्गीय डोमन महतो के 40 वर्षीय पुत्र बैजू कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार बैजू कुमार दोपहर में अपने खेत की सिंचाई के लिए विद्युत मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिजरसराय लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल से परिजन शव को घर ले आए और बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जाता है कि बैजू कुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पूरे मंडई गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।










Leave a Reply