
खिजरसराय, संवाददाता दीपक सिंह। ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के दो दिन बाद मंगलवार की देर रात करीब 11:30 बजे संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना निबंधन (रजिस्ट्रेशन) के संचालित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, महकार थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी लालसा देवी का खिजरसराय स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले गया और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव रखकर करीब एक से दो घंटे तक हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला की मौत के बाद डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन अस्पताल छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार की देर रात स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक डॉ. शाहरुख खान की मौजूदगी में अंचल अधिकारी केशव किशोर, खिजरसराय थानाध्यक्ष गिरधर उपाध्याय तथा स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना वैध निबंधन के संचालित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन कर मरीजों की जान जोखिम में डालने वाले अस्पतालों तथा फर्जी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल सील किए जाने की कार्रवाई के बाद खिजरसराय क्षेत्र के अवैध अस्पतालों और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप है। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











Leave a Reply