केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर रोड़ेबाजी मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर खिजरसराय में हुए रोड़ेबाजी हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले के मुख्य आरोपी मनीष यादव को पुलिस ने जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र के गराई बीघा गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी खिजरसराय स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर रोड़ेबाजी की गई थी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, फरार चल रहा मनीष यादव अपनी पहचान छिपाकर एक रिश्तेदार के घर में रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई साजिश थी या इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका रही है। पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खिजरसराय थाना पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के खुलासे की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।