
जमुई। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने जमुई जिले के झाझा थाना में बड़ी कार्रवाई करते हुए चालक सिपाही जितेन्द्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता उमेश यादव ने एसवीयू से शिकायत की थी कि झाझा थाना प्रभारी लाल बहादुर सिंह एवं उनके चालक जितेन्द्र कुमार द्वारा बालू लदे ट्रैक्टरों के संचालन के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। शिकायतकर्ता के पास तीन ट्रैक्टर थे, जिनसे प्रतिदिन कुल 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान चालक सिपाही ने कथित तौर पर कहा कि यह राशि थाना प्रभारी को पहुंचानी है और उनसे मिलने की कोई आवश्यकता नहीं है। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसवीयू की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और जितेन्द्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसवीयू के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।













Leave a Reply