फतेहपुर में भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ रविवार को फतेहपुर प्रखंड में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही संध्या अर्घ्य का अनुष्ठान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

फतेहपुर प्रखंड के मोरहे छठ घाट, डुमरी चट्टी, सलैया कला, गोपी मोड़, दौनैया, गुरपा, मतासो सहित विभिन्न गांवों के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचे। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

छठ घाट पर फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू एवं अंचलाधिकारी अमिता सिन्हा मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाट की व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया। वहीं, प्रखंड के अन्य छठ घाटों पर भी शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

छठ पर्व को लेकर पूरे प्रखंड में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। घाटों पर श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासनिक निगरानी और पुलिस की मुस्तैदी के बीच फतेहपुर प्रखंड में संध्या अर्घ्य का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।