जगदेव प्रसाद के शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए मंत्री श्रवण कुमार

महिलाओं की आत्मनिर्भरता और जीविका के माध्यम से स्वरोजगार पर दिया जोर

खिजरसराय। अमर शहीद जगदेव प्रसाद के शहादत दिवस के अवसर पर शनिवार को खिजरसराय स्थित +2 यशवंत उच्च विद्यालय के सभागार में जगदेव विचार मंच के तत्वावधान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर पंचायत खिजरसराय के सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार के नेतृत्व में युवाओं ने फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मंत्री को गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

समारोह में अतरी विधानसभा के पूर्व विधायक कृष्णनंदन यादव एवं गयाजी के पूर्व सांसद विजय मांझी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू नेता श्यामदेव प्रसाद उर्फ चंद्रमणि कुशवाहा ने की, जबकि मंच का संचालन खिजरसराय के पूर्व प्रमुख अजय कुमार सिंह ने किया।

अपने संबोधन में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और जीविका के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज बड़े घरों की महिलाएं भी जीविका से जुड़कर परिवार में खुशहाली और आर्थिक आत्मनिर्भरता लाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि जीविका के अनुरोध पर बिहार में शराबबंदी लागू की गई थी। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उनकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने दावा किया कि शराबबंदी के बाद दूध, मिठाई और रेडीमेड कपड़ों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि दो लाख एक हजार परिवार आत्मनिर्भर हुए हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य आफाक अहमद ने कहा कि अमर शहीद जगदेव प्रसाद ने सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू के बताए रास्ते पर चलकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने जगदेव प्रसाद के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर अतरी प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, नीमचक बथानी प्रखंड अध्यक्ष बाल्मीकि कुशवाहा, जदयू नेता उमेश कुशवाहा, दीपक कुमार, अशोक कुमार मेहता, केदार प्रसाद, दीपक पटेल, अनिरुद्ध कुमार, दुर्गा कुमार, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे।