भव्य भंडारे के साथ अखंड कार्यक्रम का हुआ समापन, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

टेउसा बाजार। अतरी प्रखंड के टेउसा बाजार स्थित महादेव स्थान मंदिर परिसर में आयोजित अखंड कार्यक्रम का शनिवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच भव्य भंडारे के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति के माहौल से गूंजता रहा।

समापन के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

आयोजकों ने बताया कि अखंड कार्यक्रम स्थानीय लोगों के सहयोग एवं सहभागिता से आयोजित किया गया। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति की ओर से सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार जताया गया।

मौके पर डॉ. परमानंद वर्मा, छोटू चौधरी, प्रभात साव, प्रकाश राम, जर्मनी, बढ़न चौधरी, अखिलेश वर्मा, अवधेश कुमार, जुली देवी, इंदु देवी, लक्ष्मी कुमारी, यशोदा देवी, मंजू देवी, सुषमा देवी, कमला देवी, बेबी देवी, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।