ग्राम सभा में विनोद कुमार बने स्वच्छता पर्यवेक्षक

खिजरसराय। प्रखंड के कुड़वा पंचायत में रविवार को मुखिया राजबलम पासवान की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में पंचायत में स्वच्छता पर्यवेक्षक पद पर चयन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

स्वच्छता पर्यवेक्षक पद के लिए पंचायत में कुल तीन आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें कविता कुमारी, विद्या कुमारी और विनोद कुमार के नाम शामिल थे। पंचायत सचिव विक्रम शाह ने ग्राम सभा में चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के पोर्टल पर दर्ज भुगतान एवं आवेदकों के पूर्व कार्य अनुभव को चयन का आधार बनाया गया।

पंचायत सचिव ने बताया कि विनोद कुमार को अभियान के तहत पोर्टल पर छह बार भुगतान प्राप्त होने का रिकॉर्ड दर्ज है। साथ ही उन्हें स्वच्छता संबंधी कार्य का पूर्व अनुभव भी है। वहीं, एक अन्य आवेदक के पास आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई।

ग्राम सभा में उपलब्ध अभिलेखों, अनुभव एवं निर्धारित मानकों के आधार पर विनोद कुमार का चयन स्वच्छता पर्यवेक्षक पद के लिए किया गया। मुखिया राजबलम पासवान एवं पंचायत सचिव विक्रम शाह ने बताया कि चयन प्रक्रिया उपलब्ध रिकॉर्ड, अनुभव और ग्राम सभा में मौजूद लोगों की सहमति के आधार पर पूरी की गई।