950 लीटर देसी शराब के साथ छह बाइक बरामद, तस्कर फरार

झारखंड से शराब की खेप लेकर आने की सूचना, अमघटी गांव के पास फतेहपुर पुलिस की कार्रवाई

फतेहपुर। फतेहपुर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमघटी गांव के समीप से 6 बाइक के साथ 950 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सभी शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बरामद शराब और बाइक को गुरपा पुलिस के हवाले कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बाइक के जरिए देसी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसआई अमरेंद्र कुमार और एसआई सतीन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमघटी गांव के समीप कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही शराब तस्कर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से छह बाइक बरामद की। इनमें पांच बाइक पर देसी शराब लदी हुई थी, जबकि एक बाइक खाली थी। कुल 950 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, शराब को झारखंड से तस्करी कर लाया जा रहा था।

कार्रवाई के बाद बरामद शराब और 6 बाइक को गुरपा पुलिस के हवाले कर दिया गया। फरार शराब तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी है।