फतेहपुर में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, कई लोग घायल, प्राथमिकी की मांग।

फतेहपुर (गया): फतेहपुर थाना क्षेत्र के ठेकही गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित संजय यादव ने फतेहपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, संजय यादव 3 जून 2026 की शाम करीब 5:30 बजे चौमीन और चाट का ठेला लगाकर व्यवसाय कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि गांव में कुछ लोगों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि श्रवण कुमार लाठी लेकर पहुंचे और रेखा देवी के माथे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर गईं। वहीं शिव शंकर कुमार और रोहित कुमार ने लाठी से मुनवा देवी पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट और सूजन आ गई। इसके अलावा अनुज यादव पर भी अनिल यादव की पत्नी बबिता देवी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के समय परिवार के लोग अपने घर पर मौजूद थे, तभी आरोपियों ने पहुंचकर मारपीट की। घटना के बाद घायलों का उपचार कराया गया तथा मामले की लिखित शिकायत फतेहपुर थाना में दी गई है।फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।