
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में डायन बताकर महिला की निर्मम हत्या किए जाने के मामले में फतेहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को पीड़ित पति ने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि देर रात कुछ लोग उनके घर में जबरन घुस आए और उनकी पत्नी को डायन कहकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी बाद में मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहपुर थाना में कांड संख्या 269/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में फतेहपुर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को शामिल किया गया।
विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान, आसूचना संकलन एवं लगातार छापेमारी कर मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश मांझी, पिता रामधनी मांझी एवं महेंद्र मांझी, पिता स्वरूप मांझी, दोनों निवासी नौनगर, थाना फतेहपुर, जिला गया के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









Leave a Reply