
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह। नगर पंचायत खिजरसराय में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद श्रीमती रिंकू देवी की अध्यक्षता में गहमागहमी के बीच हुई। बैठक में पिछली बैठक की संपुष्टि, आंतरिक आय से प्राप्त राशि के खर्च, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती समेत विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान स्ट्रीट लाइटों के कम समय में खराब होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की है, लेकिन संवेदक द्वारा मरम्मती कार्य में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई जा रही है। इससे नगर क्षेत्र के कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। जनप्रतिनिधियों ने संवेदक को शीघ्र मरम्मती कार्य कराने का निर्देश देने की मांग की।
वहीं, बैठक में मुख्य लिपिक महेंद्र प्रसाद गुप्ता के कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी भी सामने आई। उपमुख्य पार्षद स्वाति सिन्हा, सशक्त स्थायी समिति के तीनों सदस्यों और आठ वार्ड पार्षदों के संयुक्त हस्ताक्षर से कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पाण्डेय को आवेदन सौंपकर मुख्य लिपिक को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की गई।
आवेदन में जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि मुख्य लिपिक के कार्यों से कोई भी जनप्रतिनिधि संतुष्ट नहीं है। उनकी बातों और सुझावों को अपेक्षित महत्व नहीं दिया जाता तथा कई बार उनकी बातों को सुनने के बावजूद अनदेखा कर दिया जाता है। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि मुख्य लिपिक के कथित मनमाने रवैये के कारण प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता प्रभावित हो रही है और जनहित से जुड़े कार्यों के निष्पादन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
जनप्रतिनिधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी से मामले की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। बैठक में उपमुख्य पार्षद स्वाति सिन्हा, वार्ड पार्षद सत्यजीत चंद्र, शीला देवी, कुमारी अनिता रानी समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।













Leave a Reply