24 घंटे में अपहृत युवती बरामद, आरोपी युवक गिरफ्तार

फतेहपुर पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में नामजद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के कठियौन गांव निवासी पवन कुमार एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में युवती के परिजनों ने फतेहपुर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामला दर्ज होते ही पुलिस युवती की तलाश में जुट गई। तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अतरी थाना क्षेत्र के पचरूखी गांव में छापेमारी की। इस दौरान अतरी थाना पुलिस के सहयोग से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। वहीं आरोपी युवक पवन कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

फतेहपुर अपर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव ने बताया कि एसआई अंबुज कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है।