गया में लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार

लूटी गई एक बाइक समेत छह मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

गया पुलिस ने लूटकांड के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई एक मोटरसाइकिल, चोरी की दो मोटरसाइकिल, अपराध में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल समेत कुल छह मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किए हैं। वहीं, मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान चार लोग मोटरसाइकिल से पहुंचे और उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपित मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित ने 16 अक्टूबर को मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 1163/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई एक मोटरसाइकिल, चोरी की दो मोटरसाइकिल तथा अपराध में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद कीं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

अन्य मामलों में भी संलिप्तता स्वीकारने का दावा।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों ने इस कांड के अलावा मुफस्सिल थाना में दर्ज अन्य कांड संख्या 226/26, 1162/26 और 1167/26 में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस लूटे गए अन्य वाहनों की बरामदगी और मामले में शामिल दूसरे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में आभाष कुमार, पिता भोला प्रसाद; आंशु कुमार, पिता रामप्रवेश प्रसाद, दोनों बाराडीह, थाना मुफस्सिल, जिला गया; तथा सिंधु कुमार, पिता लेट मांझी, निवासी तेतरिया, थाना मुफस्सिल, जिला गया शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।