गहलौर में धूमधाम से मना माउंटेन मैन दशरथ मांझी महोत्सव


संवाददाता खिजरसराय दीपक सिंह । अतरी विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक गहलौर में रविवार को माउंटेन मैन बाबा दशरथ मांझी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। गया से गहलौर तक हजारों मोटरसाइकिलों के साथ भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में युवाओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पूरा क्षेत्र बाबा दशरथ मांझी के जयकारों से गूंजता रहा।

महोत्सव का विधिवत उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतरी विधायक रोमित कुमार, गुरुआ विधायक उपेंद्र प्रसाद, बाबा दशरथ मांझी के पुत्र भागीरथ मांझी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन की टीम भी तैनात रही। बाइक रैली और महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

इस मौके पर वक्ताओं ने बाबा दशरथ मांझी के अदम्य साहस, संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी ने पहाड़ का सीना चीरकर रास्ता बनाने का असंभव कार्य संभव कर दिखाया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मजबूत इरादे और निरंतर मेहनत के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।

महोत्सव में बाबा दशरथ मांझी की स्मृति और उनके संघर्ष को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। हजारों बाइक की रैली और लोगों की भारी भीड़ ने महोत्सव को भव्य और यादगार बना दिया।