13 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा-माले का प्रदर्शन

संवाददाता, खिजरसराय। विभिन्न जनहित मांगों को लेकर भाकपा-माले के नेतृत्व में मंगलवार को खिजरसराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद माले जिला सचिव निरंजन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।

माले नेताओं ने भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल वासभूमि का पर्चा देने, वर्षों से जहां परिवार बसे हुए हैं, उन्हें वासभूमि का पर्चा देने के साथ आवास की गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा राशन कार्ड से हटाए गए नामों को पुनः जोड़ने, नए राशन कार्ड जारी करने तथा दाल, सरसों तेल समेत अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़े नल-जल योजना के जलमीनारों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कराने, सरकारी विद्यालयों को नवोदय विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने तथा गैरमजरुआ, बंदोबस्ती, सीलिंग एवं भूदान से प्राप्त जमीन के पर्चाधारियों का रसीद काटने और उन्हें दखल-कब्जा दिलाने की मांग भी की।

वहीं, वृद्धजनों, दिव्यांगों एवं विधवाओं को तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने तथा ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ के तहत सालभर रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने समेत अन्य मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई।

अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनके स्तर से संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नीतिगत मामलों को सरकार के स्तर पर भेजने की बात कही गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए माले जिला सचिव निरंजन कुमार ने कहा कि छात्र-युवाओं और ग्रामीण गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बिहार में सामंती ताकतों के बढ़ते मनोबल का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल में प्रखंड सचिव बच्चू सिंह, राजू पासवान, संजय पासवान, आनंद कुमार, विभा भारती एवं शीला वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।