डकैती कांड में छह गिरफ्तार, 59 हजार रुपये और कार बरामद

अतरी थाना क्षेत्र में चालक से लूटपाट कर कार लेकर फरार हुए थे बदमाश।

गया, हिन्दुस्तान संवाददाता। गया पुलिस ने अतरी थाना क्षेत्र में चालक से लूटपाट कर कार लेकर फरार होने के मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 59 हजार रुपये नकद, एक कार, सात मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कार को पटना जंक्शन से राजगीर जाने के लिए ऑनलाइन बुक किया गया था। रास्ते में बदमाश चालक को बहाने से सुनसान जगह पर ले गए। वहां कार का जीपीएस तोड़ दिया और नकदी, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान छीन लिए। इसके बाद चालक के साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया और कार लेकर फरार हो गए। मामले में अतरी थाना कांड संख्या 490/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर पटना जिले के खुशरूपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अमित कुमार को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पांच अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।