
फतेहपुर। गया-कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के रातों गांव के समीप मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार रातो गांव के पास रेलवे पोल संख्या 439 के 11/13 के समीप रेलवे ट्रैक पर युवती का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना रेल प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि युवती ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हुई होगी, जबकि कुछ लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, युवती की मौत कैसे हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल प्रशासन और रेल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। युवती की पहचान कराने का प्रयास भी किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।













Leave a Reply