
गया। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 13 अगस्त को गया जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
तिरंगा यात्रा में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, मेरा युवा भारत, जीविका दीदियां, स्वयं सहायता समूह, खेल संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। इस दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ और साइकिल रैली सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय की यात्रा में बड़ी संख्या में एनसीसी एवं स्काउट एंड गाइड कैडेट्स शामिल होंगे। विष्णुपद मंदिर और फल्गु घाट के समीप मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा एवं वंदे मातरम् पर प्रदर्शनी, ऑनलाइन क्विज, तिरंगा रंगोली, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर भी झंडोत्तोलन और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे।
अभियान के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में 4 हजार तिरंगे झंडों की उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जीविका दीदियों द्वारा तैयार तिरंगे पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। प्रमुख चौक-चौराहों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सरकारी भवनों और प्रमुख स्थानों पर तिरंगा थीम आधारित त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। कार्यक्रमों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और मीडिया कवरेज के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
डीएम शशांक शुभंकर ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान-2026 में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है।













Leave a Reply