दीपावली और छठ पूजा को लेकर फतेहपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित, घाटों पर तैनात रहेगी पुलिस

फतेहपुर (गया)। दीपावली एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को फतेहपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने किया।

बैठक में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि दीपावली का पर्व सभी लोग आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। वहीं, छठ पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही, क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव कायम रखने पर भी चर्चा हुई।

इस मौके पर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष रणविजय कुमार, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, भाकपा माले के प्रखंड सचिव वीरेंद्र सान्याल, क्षेत्र संख्या 40 के जिला पार्षद सदस्य वीरेंद्र साव, पंचायत समिति सदस्य राजेश कुमार,सांसद प्रतिनिधि कृष्ण सिंह, पूर्व जिला पार्षद सदस्य नागेंद्र यादव, भाजपा नेता देवीलाल यादव, मुखिया सदस्य अमरेंद्र कुमार राय, मुखिया सदर दिलीप यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।