
गया। जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के नेतृत्व में 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता, सामूहिक वंदे मातरम् गायन और तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैलियों में विद्यार्थियों का उत्साह देखते बन रहा है। जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर harghartiranga.com पर अपलोड कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराने को कहा गया है। प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर को तिरंगे के गौरव से सजाने और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देने की अपील की है।













Leave a Reply