250 किलोमीटर दूर प्रेमी से मिलने पहुंची पूजा, परिवार की सहमति से मंदिर में रचाई शादी

अंबा। समस्तीपुर की रहने वाली पूजा करीब 250 किलोमीटर का सफर तय कर औरंगाबाद के अंबा पहुंच गई। वजह थी चार साल पुराना प्रेम संबंध। पूजा को जानकारी मिली थी कि उसके सिपाही प्रेमी अंकुश की शादी कहीं और तय हो गई है। इसके बाद वह अंबा पहुंची और अंकुश से शादी करने की जिद पर अड़ गई।

अंबा पहुंचने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। पुलिस की पूछताछ में दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी दी और बातचीत कराई। परिवारों की सहमति के बाद दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। इसके बाद सतबहिनी मंदिर में पूजा और अंकुश ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और शादी के बंधन में बंध गए।

चार साल के प्रेम को मुकाम देने के लिए पूजा ने 250 किलोमीटर का सफर तय किया और आखिरकार प्रेमी अंकुश के साथ विवाह कर लिया।