नालंदा विश्वविद्यालय के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, राज्यपाल ने की उच्चस्तरीय बैठक

पटना। बिहार लोक भवन में नालंदा विश्वविद्यालय के दीर्घकालिक विकास को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने की। बैठक में विश्वविद्यालय के समग्र विकास और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में नालंदा विश्वविद्यालय की कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ-साथ नालंदा–राजगीर नॉलेज एंड इनोवेशन कैंपस के विकास की समीक्षा की गई। बिहार के उच्च शिक्षा तंत्र के साथ विश्वविद्यालय के बेहतर तालमेल पर भी विशेष जोर दिया गया।

राज्यपाल ने नालंदा की समृद्ध बौद्धिक एवं सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करते हुए उसे वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। विश्वविद्यालय को भविष्य में एक प्रमुख वैश्विक ज्ञान एवं नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

बैठक में इनोवेशन, अकादमिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की भी समीक्षा की गई। नालंदा विश्वविद्यालय को वैश्विक शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नालंदा विश्वविद्यालय को ज्ञान, शिक्षा और नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना और नालंदा की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना रहा।