
संवाददाता, फतेहपुर:- फतेहपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 21 मोटरसाइकिलों के साथ करीब 3500 लीटर देसी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से बाइक और शराब छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बड़ी मात्रा में देसी शराब मोटरसाइकिलों के जरिए बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसआई अमरेंद्र कुमार, एएसआई सतीन प्रसाद एवं एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के हलमता गांव के समीप छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही तस्कर अंधेरे और खेतों का लाभ उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान मौके से 21 मोटरसाइकिलों के साथ लगभग 3500 लीटर देसी शराब बरामद की गई। बरामद शराब और वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार शराब तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













Leave a Reply