
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बैजदा गांव स्थित आहर से सोमवार को एक महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सिंपू कुमारी पति सिंटू कुमार के रूप में हुई है। वह नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के मूर्तियां गांव की रहने वाली थी। बताया जाता है कि सिंपू कुमारी बैजदा गांव निवासी रामचंद्र प्रसाद की पुत्री थी।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार और एसआई सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मामले की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आहर से महिला के शव को बाहर निकाल लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।






Leave a Reply