
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- खिजरसराय थाना क्षेत्र में मोबाइल का पावर बैंक फटने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गया–पटना मुख्य मार्ग के किनारे डेरा डाले गुलगुलिया समाज के लोगों के बीच हुई, जहां अचानक युवक के हाथ में रखा पावर बैंक विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही मोबाइल की बैटरी भी फट गई, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के ललितपुर का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि वे लोग घूम-घूमकर लहठी बेचने का काम करते हैं और इन दिनों खिजरसराय में डेरा डाले हुए हैं।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), खिजरसराय लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे ने एक बार फिर मोबाइल और पावर बैंक के सुरक्षित उपयोग को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।













Leave a Reply