
:- शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
फतेहपुर थाना क्षेत्र के भेड़वा गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल यादव की कोलकाता में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद बुधवार को उसका शव पैतृक गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही स्वजनों में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने कोलकाता के श्रीरामपुर थाना में नवादा जिले के दो लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
कंपनी में हुआ था विवाद…..
मृतक के पिता परमेश्वर यादव ने बताया कि अनिल कोलकाता स्थित सुपर एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गाड़ी लेकर गया था। सात सितंबर की सुबह कंपनी में कार्यरत दो कर्मियों के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों कर्मियों ने अनिल के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि कंपनी में मौजूद अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। इसके बाद घायल अनिल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्वजन कोलकाता पहुंचे।
कोलकाता के श्रीरामपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी….
घटना को लेकर स्वजनों ने कोलकाता के श्रीरामपुर थाना में आवेदन देकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में दो लोगों पर अनिल के साथ मारपीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद आरोपितों के फरार होने की बात सामने आई है। बंगाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को पुलिस ने शव स्वजनों को सौंप दिया।
शव पहुंचते ही मचा कोहराम….
स्वजन बुधवार की सुबह अनिल का शव लेकर भेड़वा गांव पहुंचे। शव के गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और अन्य स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। आसपास के ग्रामीण भी मृतक के घर पहुंचकर स्वजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। परिजनों ने घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। स्वजनों का कहना है कि अनिल की मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बुधवार को गया के विष्णुपद में अनिल के शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद भेड़वा गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।











Leave a Reply