नाबालिग बच्ची के अपहरण मामले में SIT गठित, सकुशल बरामदगी को लेकर तेज होगी कार्रवाई

गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में उसकी सकुशल बरामदगी और त्वरित अनुसंधान के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया विकास वैभव के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर), गया के नेतृत्व में गठित टीम को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को करीब सात बजे नाबालिग बालिका के अपहरण की सूचना मिलने के बाद मोहनपुर थाना कांड संख्या 368/26, दिनांक 27 अगस्त 2026, के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालिका की सकुशल बरामदगी, त्वरित अनुसंधान और संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया गया है।


SIT में आठ पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (नगर), गया करेंगे। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बोधगया मधु कुमारी, अंचल पुलिस निरीक्षक बोधगया सरफराज आलम, मोहनपुर थाना के पुनि-सह-थानाध्यक्ष अजीत कुमार, डीआईयू सेल प्रभारी संतोष कुमार, डीआईयू सेल के सुमन कुमार, मोहनपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष उमा प्रसाद तथा अनुसंधानकर्ता संतोष कुमार पासवान शामिल हैं।


SIT को निर्देश दिया गया है कि नाबालिग बालिका की अविलंब एवं सकुशल बरामदगी तथा मामले में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। टीम स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करेगी। संभावित ठिकानों पर छापेमारी और सर्च अभियान भी चलाया जाएगा। अनुसंधान की प्रगति से प्रत्येक 24 घंटे में पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया विकास वैभव को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है।