मोटरसाइकिल सटने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट,चार घायल।

संवाददाता, खिजरसराय:- दीपक सिंह:-खिजरसराय थाना क्षेत्र के सहवाजपुर गांव के समीप रविवार को मोटरसाइकिल सटने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खिजरसराय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डमरबीघा गांव निवासी रामप्रवेश यादव और सहवाजपुर गांव निवासी सचिन सिंह के बीच मोटरसाइकिल सट जाने को लेकर पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

मारपीट के दौरान रामप्रवेश यादव के पक्ष के रामप्रवेश यादव, नीरज कुमार और अशोक यादव घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से संतोष कुमार भी घायल हुए। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जानकारी लेने में जुट गई। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिजरसराय में कराया गया।

खिजरसराय थानाध्यक्ष गिरिधर उपाध्याय ने बताया कि मोटरसाइकिल सटने के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।