ग्रामीण होल्डिंग टैक्स के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंक जताया आक्रोश

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स के विरोध में शनिवार को खिजरसराय के बेला मोड़ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर ग्रामीण होल्डिंग टैक्स वापस लेने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा ने किया। इससे पूर्व यशवंत उच्च विद्यालय परिसर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। रैली विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बेला मोड़ पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स को ग्रामीण जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए इसे जनविरोधी निर्णय करार दिया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश लोग कृषि और दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर हैं। ऐसे में होल्डिंग टैक्स लागू करना आम लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही ग्रामीण हितों की आवाज उठाती रही है और इस जनविरोधी फैसले का हर स्तर पर विरोध करेगी।

उन्होंने सरकार से अविलंब प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अशोक कुमार, रवीन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।

खिजरसराय संवाददाता:- दीपक सिंह