
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- खिजरसराय। नीमचक बथानी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जेठियन में मंगलवार को क्लस्टर स्तरीय ‘आर्ट इन एजुकेशन’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में करीब 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने चित्रकला, संगीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक एवं शैक्षणिक संदेश भी दिए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमचक बथानी के अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। कला बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और कल्पनाशक्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य कला के माध्यम से विद्यार्थियों में सीखने की क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी बात रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे की प्रतिभा और प्रस्तुतियों से सीखने का अवसर भी मिला। सम्मेलन में कला, प्रतिभा और उत्साह का शानदार संगम देखने को मिला।












Leave a Reply