20 सूत्री की बैठकों में योजनाओं की समीक्षा, अनुपस्थित पदाधिकारियों पर कार्रवाई का प्रस्ताव।

फतेहपुर एवं टनकुप्पा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई। सदस्यों ने योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाने और लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि से हुई।

फतेहपुर में विभागवार योजनाओं की समीक्षा

फतेहपुर में 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष संजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। संचालन बीडीओ शशि भूषण साह ने किया। बैठक में अंचल,शिक्षा,स्वास्थ्य, स्वच्छता,मनरेगा, आंगनबाड़ी एवं सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

सदस्यों ने क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों से योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण एवं निरीक्षण करने, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

टनकुप्पा में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

टनकुप्पा में आयोजित बैठक में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं एलईओ के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी सेविकाओं को लंबित सरकारी लाभ उपलब्ध कराने तथा दरजीयाचक गांव में प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था कराने की मांग सदस्यों ने रखी।

महादलित टोले में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग

देवशरणा मिल्की महादलित टोला में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या का मामला भी बैठक में उठा। सदस्यों ने ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए वहां अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

चोवार गांव में पीसीसी सड़क निर्माण का मामला भी सदस्यों ने उठाया। सदस्यों के अनुसार, पूर्व सांसद हरि मांझी की ओर से आरईओ शेरघाटी के माध्यम से सड़क निर्माण के लिए संवेदक को 15 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए थे। आरोप है कि राशि की निकासी के बावजूद अब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया है। सदस्यों ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

डिग्री कॉलेज और कन्या उच्च विद्यालय खोलने की मांग

बैठक में ढीबर गांव में खराब पड़े चापाकल की मरम्मत कराने, टनकुप्पा में डिग्री कॉलेज एवं कन्या उच्च विद्यालय खोलने सहित कई अन्य जनहित के मुद्दे भी उठाए गए। सदस्यों ने संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराने का निर्णय लिया।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की निगरानी के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना है। इसलिए विभागीय अधिकारियों को बैठकों में उपस्थित होकर सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।