
फतेहपुर प्रखंड के भारे पंचायत, दक्षिणी लोधवे पंचायत एवं नौडीहा झुराग पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनसे संबंधित आवेदन प्राप्त किए।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें नियमानुसार निष्पादन का भरोसा दिलाया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने बताया कि प्रखंड की तीनों पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो, ताकि आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। सहयोग शिविर इसी उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।












Leave a Reply