
खिजरसराय संवाददाता:- खिजरसराय प्रखंड के कुतलुपुर पंचायत में मंगलवार को ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात मिली। करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक पंचायत सरकार भवन का स्थानीय विधायक ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में विधायक के साथ प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अमरेन्द्र कुमार चौधरी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष पिंकी देवी, विधायक प्रतिनिधि दयाशंकर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब पंचायत के लोगों को जन्म, मृत्यु, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए बार-बार प्रखंड मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अधिकांश प्रशासनिक कार्य पंचायत स्तर पर ही आसानी से पूरे किए जा सकेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं उनके गांव के निकट ही उपलब्ध हों। पंचायत सरकार भवन इसी सोच का हिस्सा है, जिससे आम लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता और गति आएगी।
उद्घाटन के बाद ग्रामीणों ने विधायक एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। नए पंचायत सरकार भवन के शुरू होने से कुतलुपुर पंचायत के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस भवन के संचालन से पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसेवाओं को नई गति मिलेगी।












Leave a Reply