
मारुति कार के अचानक आगे रुकने से हुआ हादसा, माथे में गंभीर चोट; निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
संवाददाता, खिजरसराय :- खिजरसराय थाना क्षेत्र के गया–पटना मुख्य मार्ग पर बुधवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बुधुआ मेला एवं एक होटल के समीप हुई, जहां एक मारुति कार द्वारा ओवरटेक किए जाने के बाद अचानक ब्रेक लगाने से ऑटो (टोटो) अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गौहपुर भुईटोली निवासी शंकर मांझी की पुत्री अंजनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंजनी कुमारी कोचिंग से पढ़ाई पूरी कर ऑटो से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक मारुति कार ने ऑटो को ओवरटेक किया और अचानक उसके सामने वाहन रोक दिया। सामने अचानक कार आ जाने से ऑटो चालक ने टक्कर से बचने के लिए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।
हादसे में छात्रा के माथे पर गंभीर चोट आई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और ऑटो चालक की मदद से उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक भी छात्रा के इलाज में सहयोग कर रहा है और अस्पताल में मौजूद है।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने प्रशासन से बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता बेटी का समुचित इलाज है।
उधर, सूचना मिलने पर खिजरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साथ ही, ओवरटेक कर हादसे की वजह बनने वाली मारुति कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।













Leave a Reply