जनता दरबार में नगर पुलिस अधीक्षक ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश।

गया। आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर बुधवार को नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव ने अपने कार्यालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर पहुंचे।

इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बातें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के शीघ्र निष्पादन तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे कई मामलों के समाधान की दिशा में तत्काल पहल की गई।