चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्लंबर मिस्त्री की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- खिजरसराय थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव के समीप अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक प्लंबर मिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुरारचक गांव निवासी 31 वर्षीय पप्पू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार पप्पू कुमार टेउसा स्थित अपनी दुकान से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेतारपुर गांव के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पप्पू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर खिजरसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया। पप्पू कुमार प्लंबर मिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। असमय हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।खिजरसराय थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।