कर्मा की खुशियां मातम में बदलीं, आहर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:- प्रखंड क्षेत्र के नैली पंचायत के धनमहुआ गांव में बुधवार की सुबह कर्मा पूजा की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। पूजा सामग्री के विसर्जन के दौरान आहर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनमहुआ गांव निवासी भूषण यादव के पुत्र और कैलाश यादव के पौत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब छह बजे दीपक कर्मा पूजा की सामग्री विसर्जित करने और स्नान करने के लिए गांव के आहर में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कर्मा पूजा को लेकर जहां सुबह से गांव में उत्साह का माहौल था, वहीं किशोर की मौत की खबर मिलते ही खुशियां मातम में बदल गईं। दीपक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।