
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह:-आरवाई सैनिक स्कूल, खिजरसराय के पूर्व छात्र अमित कुमार भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद रविवार को अपने विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचकर उन्होंने अपने गुरुजनों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड के तहल बिगहा गांव निवासी वीरेंद्र गोप के पुत्र अमित कुमार ने चेन्नई स्थित प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पांच सितंबर को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय पहुंचने पर मिथिलेश पाठक और निर्मल पाठक ने अमित कुमार एवं उनके पिता वीरेंद्र गोप को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अमित कुमार ने कहा कि आरवाई सैनिक स्कूल में मिली शिक्षा और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके करियर की मजबूत नींव रखी। विद्यालय में अध्ययन के दौरान ही उनका चयन सैनिक स्कूल कोरुकोंडा, आंध्र प्रदेश के लिए हुआ था। वहां से उनके मन में देशसेवा की भावना और मजबूत हुई। अमित कुमार ने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर उन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को देते हुए उनके प्रति आभार जताया।













Leave a Reply