नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो शेयर नहीं करने की जमुई पुलिस ने की अपील।

जमुई। जमुई पुलिस ने नाबालिग पीड़िता से संबंधित किसी भी वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट, शेयर या फॉरवर्ड नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की है।

जमुई पुलिस ने कहा कि नाबालिग पीड़िता से संबंधित वीडियो को आगे प्रसारित करने से उसकी निजता और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पीड़िता की पहचान और सम्मान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिग की पहचान उजागर करना अथवा ऐसे पोस्ट को वायरल करना, जिससे सामाजिक एवं कानूनी व्यवस्था प्रभावित हो, बीएनएस 2023, आईटी एक्ट 2000, जेजे एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कानूनी अपराध हो सकता है। ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई और सजा का प्रावधान है।जमुई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संवेदनशील वीडियो को आगे प्रसारित करने के बजाय वहीं रोक दें और पीड़िता की निजता एवं सम्मान का ध्यान रखें।