
संवाददाता, खिजरसराय दीपक सिंह। खिजरसराय थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज घाट के समीप रविवार की देर शाम बालू के अवैध उठाव की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। एसडीएम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई से घाट पर अवैध रूप से बालू का उठाव कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि इंजीनियरिंग कॉलेज घाट के समीप लंबे समय से जेसीबी के माध्यम से बालू का उठाव किए जाने की सूचना प्रशासन को मिल रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार की देर शाम घाट पर छापेमारी की। पुलिस टीम के घाट पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही बालू उठाव में शामिल अन्य लोग अपने वाहनों को लेकर मौके से भाग निकले।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने लाया। वहीं, अवैध बालू उठाव में शामिल अन्य लोगों और वाहनों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घाट से किसके द्वारा और किस तरीके से बालू का उठाव किया जा रहा था।
खिजरसराय थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि घाट पर अवैध रूप से बालू उठाव किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को मौके पर भेजकर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू उठाव में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन की ओर से अवैध खनन और बालू के परिवहन पर लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।













Leave a Reply